खोड़ा। मास्टर पार्क में बिल्डिंग मेटीरियल कारोबारी पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कब्जे से तमंचा और स्कूटी बरामद की है। उसका एक साथी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि मंगलवार को पुलिस ने सुबोध उर्फ मिंटू निवासी भनैड़ा, शामली, हाल निवासी विश्वास नगर, दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सुबोध ने पुलिस को बताया कि उसने सीताराम को सात लाख रुपये उधार दिए थे। रुपये वापस मांगने पर विवाद होने लगा। आरोप है कि सीताराम रुपये नहीं लौटा रहा था और गाली-गलौज करता था। इसी से नाराज होकर सुबोध ने अपने साथी छोटू निवासी बैतिया, बिहार के साथ मिलकर उसे डराने के लिए फायरिंग की। पुलिस अब छोटू की तलाश कर रही है। बता दें कि मूलरूप से शामली निवासी सीताराम परिवार के साथ मास्टर पार्क गली नंबर-11 में रहते हैं। उनके मकान के निचले हिस्से में पाल बिल्डर के नाम से बिल्डिंग मेटीरियल की दुकान है। 21 जून की दोपहर करीब साढ़े 12 बजे सीताराम अपने साथी के साथ दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान स्कूटी सवार दो युवक वहां पहुंचे। स्कूटी चला रहे युवक ने बैग से तमंचा निकालकर सीताराम को निशाना बनाते हुए गोली चला दी। गोली सीताराम से करीब एक फीट की दूरी से निकल गई। फायरिंग के बाद दोनों आरोपी स्कूटी से फरार हो गए।