साहिबाबाद थानाक्षेत्र के पाइप मार्केट के व्यापारी सुमित जैन की दुकान में घुसकर करीब 8-10 लोगों ने मारपीट कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने व्यापारी को बचाया। कुछ लोग पुलिस को देखते ही मौके से भाग गए। वहीं तीन-चार लोग पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
व्यापारी सुमित जैन ने बताया कि करीब डेढ़ माह पहले उन्होंने क्षेत्र के ही कैलाश नगर में पाइप फिटिंग के पार्ट्स बनाने वाली फैक्टरी के मालिक से संपर्क किया था। उन्होंने 50-60 हजार रुपये का ऑर्डर दिया था। काफी समय तक जब उन्हें ऑर्डर नहीं मिला तब उन्होंने कॉल पर सम्पर्क किया तब आरोपी उनकी दुकान पर पहुंचे और माल गाड़ी में रखे होने व वहीं जाकर जांचने की बात कही। अनहोनी का अंदेशा जताते हुए उन्होंने गाड़ी पर जाने से मना कर दिया। इसके बाद 8-10 लोग दुकान में घुसे और हाथापाई शुरू कर दी।
उनके बेटे ने तुरंत पुलिस को बुलाया। इस पूरे मामले की सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। हालांकि अमर उजाला वायरल फुटेज की पुष्टि नहीं करता। एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जल्द गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा किया जाएगा।