फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: कारोबारी को परिवार समेत बंधक बनाकर 10 लाख का डाका

विज्ञापन
विज्ञापन
- खिड़की का शीशा तोड़कर घर में मिर्च पाउडर जलाया, दम घुटने पर गेट खोलने आई पत्नी पर तमंचा तानकर घर में घुसे बदमाश
विज्ञापन

- पत्नी के दुपट्टे से कारोबारी के हाथ-पैर बांधे, दो बदमाश परिवार पर तमंचे ताने खड़े रहे, पांच साल के बच्चे के गले पर रखा चाकू


मोदीनगर। भोजपुर के गांव कलछीना में सोमवार देर रात आठ सशस्त्र बदमाशों ने तमंचों और चाकू के बल पर स्क्रैप कारोबारी सद्दाम के घर डाका डाला। पीड़ित कारोबारी के अनुसार, बदमाशों ने पहले खिड़की का शीशा तोड़ा और मिर्च पाउडर जलाया। घर में धुआं भरने और दम घुटने पर पत्नी अफरोजी दुकान का दरवाजा खोलने पहुंचीं तो बदमाशों ने उन पर तमंचा तान दिया। इसके बाद छह बदमाश घर में दाखिल हो गए, जबकि दो बाहर निगरानी करते रहे।
बदमाशों ने घर में घुसते ही सद्दाम के हाथ-पैर अफरोजी के दुपट्टे से बांध दिए और पूरे परिवार को बंधक बना लिया। दो बदमाश परिवार पर तमंचे ताने खड़े रहे, जबकि एक ने पांच वर्षीय बेटे अन्नान के गले पर चाकू रख दिया। करीब डेढ़ घंटे तक घर खंगालने के बाद बदमाश लगभग सवा लाख रुपये की नकदी और नौ लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने लूट ले गए। विरोध करने पर एक बदमाश ने कारोबारी की पत्नी के हाथ पर चाकू मारकर उन्हें घायल कर दिया।
विज्ञापन

कारोबारी ने बताया कि लूटपाट के बाद भाग रहे बदमाशों में से एक को पड़ोसी और उसके बेटे ने पकड़ लिया, लेकिन वह धक्का देकर भाग गया। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। बदमाशों के जाने के करीब आधा घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने उनकी तलाश में काफी देर तक क्षेत्र में कांबिंग की, लेकिन सफलता नहीं मिली।

रात दो बजे घर में घुसे बदमाश
कलछीना निवासी सद्दाम दिल्ली में स्क्रैप का कारोबार करते हैं। वह गांव के बाहरी छोर पर कब्रिस्तान के पास पत्नी अफरोजी और छह बच्चों के साथ रहते हैं। मकान के बाहर किराने की दुकान है, जिसे उनकी पत्नी और बच्चे संभालते हैं। सद्दाम ने बताया कि रात में वह परिवार के साथ घर पर सो रहे थे। करीब दो बजे सभी को घुटन महसूस हुई और सांस लेने में तकलीफ होने लगी। इससे पूरा परिवार जाग गया। परेशानी बढ़ी तो पत्नी अफरोजी दुकान का दरवाजा खोलने पहुंचीं। आरोप है कि दरवाजा खोलते ही बदमाशों ने उन पर तमंचा तान दिया। सद्दाम के मुताबिक, बदमाशों ने घर में घुसते ही उनके हाथ-पैर अफरोजी के दुपट्टे से बांध दिए। इसके बाद दो बदमाश परिवार पर तमंचा तानकर खड़े हो गए। उनमें से एक ने पांच वर्षीय अन्नान के गले पर चाकू रख दिया और विरोध करने पर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी। साथ ही कारोबारी और उनकी पत्नी के मोबाइल फोन बदमाशों ने अपने पास रख लिए, जिससे वे किसी को सूचना न दे सकें।

कबाड़ में निकली चांदी और नकदी की अफवाह में पड़ी डकैती
सद्दाम ने बताया कि बदमाश बार-बार 10 किलो चांदी और पांच लाख रुपये की नकदी के बारे में पूछ रहे थे। परिवार ने इसकी जानकारी होने से मना किया तो बदमाशों ने धमकी दी कि चुपचाप रकम और चांदी दे दो, वरना पूरे परिवार को गोली मार देंगे। सद्दाम के मुताबिक, बदमाश करीब डेढ़ घंटे तक चांदी और नकदी के लिए घर का कोना-कोना तलाशते रहे। चांदी नहीं मिलने पर उन्होंने अफरोजी के झुमके, सोने के कड़े, कुंडल, तीन जोड़ी पाजेब और सवा लाख रुपये की नकदी लूट ली। अफरोजी ने विरोध किया तो बदमाशों ने उनके हाथ पर चाकू मारकर घायल कर दिया। हालांकि, जख्म ज्यादा गहरा नहीं था। उन्होंने गांव में ही प्राथमिक उपचार कराया। गांव में पूछताछ करने पर पता चला कि करीब एक सप्ताह से अफवाह फैल रही है कि सद्दाम ने दिल्ली से कबाड़ खरीदा है, जिसमें पांच लाख रुपये व 10 किलो चांदी मिली है। इसे उसने घर में छिपा रखा है।

शिकायत की तो बच्चों को स्कूल से अगवा कर हत्या की धमकी
सद्दाम ने बताया कि बदमाशों ने पुलिस से शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। उन्होंने कहा कि पुलिस को बताया तो बच्चों को स्कूल से अगवा कर उनकी हत्या कर देंगे। बदमाशों ने बच्चों के स्कूल का नाम भी लिया, जिससे परिवार सहम गया। सद्दाम ने मौके पर जांच करने पहुंचे एसीपी मोदीनगर सिद्धार्थ गौतम से पूछा कि साहब, मेरे बच्चे और परिवार तो सुरक्षित रहेगा? परिवार घटना के बाद से गहरे सदमे में है। सद्दाम ने आशंका जताई कि बदमाश कहीं उनके बच्चों को नुकसान न पहुंचा दें।

पड़ोसी के साहस से बदमाशों के पैर उखड़े
-बाप ने डंडा मारा, बेटे ने बदमाश को पकड़ लिया, धक्का देकर भागा
कारोबारी के पड़ोस में रहने वाले हाजी जी ने बताया कि रात करीब साढ़े तीन बजे सद्दाम के घर से शोर सुनाई दिया। वह बाहर आए तो दुकान में हलचल दिखाई दी। काफी देर तक उन्होंने मामला समझने की कोशिश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। उन्हें लगा कि शायद बदमाश सद्दाम की दुकान में घुसकर चोरी कर रहे हैं। इस पर हाजी जी के एक बेटे ने सद्दाम को कॉल किया, लेकिन मोबाइल फोन बदमाशों के कब्जे में होने के कारण कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद हाजी जी डंडा लेकर बेटों के साथ बाहर आए। तभी बदमाश डकैती के बाद सद्दाम के मकान के बाहर कुंडी लगाने की कोशिश करते दिखाई दिए। हाजी जी ने एक बदमाश को डंडा मारा तो वह बिना कुंडी लगाए भागने लगा। इसी दौरान उनके एक बेटे ने दौड़कर बदमाश को पकड़ लिया। हालांकि, बदमाश युवक को धक्का देकर भाग निकला।

112 पर की 20 बार कॉल, नहीं लगी
सद्दाम ने बताया कि बदमाशों ने उनके मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए थे। बदमाशों के जाने के बाद उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर करीब 20 बार कॉल की, लेकिन कॉल नहीं लगी। इसके बाद वह ग्रामीणों के साथ घर से करीब एक किलोमीटर दूर कलछीना पुलिस चौकी पहुंचे और घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।

घर के आसपास सीसीटीवी नहीं, किसी करीबी पर आशंका
सद्दाम गांव के बाहरी छोर पर रहते हैं। उनके घर के आसपास जंगल और कब्रिस्तान है। घर के आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। वहां से भट्ठे की तरफ जाने वाले रास्ते पर सीसीटीवी कैमरे लगे बताए गए हैं। बदमाशों के बार-बार 10 किलो चांदी और पांच लाख रुपये की नकदी का जिक्र करने से रेकी के बाद घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है। सद्दाम ने बताया कि बदमाशों को उनके स्क्रैप कारोबार और घर की पूरी जानकारी थी। वे बार-बार कह रहे थे कि उन्हें घर में मोटा माल होने की पक्की जानकारी है। ऐसे में पुलिस घटना में किसी करीबी के शामिल होने के पहलू की भी जांच कर रही है। हालांकि, छानबीन के दौरान मौके से कोई सुराग नहीं मिला।

कैंसर से जूझ चुके हैं सद्दाम, बेटे के दिल में छेद
सद्दाम ने बताया कि कुछ वर्ष पहले उन्हें कैंसर हो गया था। कई साल तक दिल्ली में इलाज के बाद वह सामान्य हो पाए। अब उनके 10 वर्षीय बेटे युनुस के दिल में छेद है, जिसका उपचार दिल्ली में चल रहा है।
विज्ञापन


घटना की टाइमलाइन
- रात 2 बजे: परिवार को घुटन महसूस हुई।
- रात 2:15 बजे: अफरोजी दुकान का दरवाजा खोलने बाहर आईं और छह नकाबपोश बदमाश तमंचे के बल पर घर में दाखिल हुए।
- रात 2:30 बजे: पूरे परिवार को तमंचे के बल पर बंधक बनाया।
- रात 3:45 बजे: घर खंगालने के बाद बदमाश भाग निकले।
- सुबह 4 बजे: सद्दाम कलछीना चौकी पहुंचे और घटना की जानकारी दी।
- सुबह 4:15 बजे: चौकी पुलिस मौके पर पहुंची।
- सुबह 4:30 बजे: एसएचओ भोजपुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कांबिंग की।
- सुबह 7 बजे: एसीपी मोदीनगर और डीसीपी ग्रामीण ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।

पुलिस ने लगाईं पांच टीमें
डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटना के खुलासे के लिए पांच टीमों को लगाया गया है। साथ ही कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। सर्विलांस और मैनुअल इनपुट आदि पर भी काम चल रहा है। शीघ्र ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें