- चालक-परिचालकों की कमी से जूझ रहा कौशांबी डिपो, यात्रियों को होगी परेशानी
- दिवाली पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त बसों के संचालन की तैयारी
ज्योति यादव
साहिबाबाद। दिवाली पर घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों को इस बार रोडवेज बसों की कमी का सामना करना पड़ सकता है। एक ओर परिवहन निगम ने त्योहार पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए 300 अतिरिक्त बसों के संचालन और फेरे बढ़ाने की तैयारी कर रहा है, वहीं दूसरी ओर कौशांबी डिपो में चालक-परिचालकों की कमी इस योजना के सामने चुनौती बनी हुई है। ऐसे में त्योहार के दौरान अतिरिक्त फेरे बढ़ाने की तैयारी पर भी असर पड़ने की आशंका है।
कौशांबी डिपो में करीब 182 बसें हैं, लेकिन इनमें से रोजाना औसतन 70 बसें वर्कशॉप में खड़ी रहती हैं। डिपो की 182 बसों में से बीएस-4 की 62 और बीएस-3 की छह बसें हैं, 114 बसें बीएस छह की है। इनमें से दो बसों का सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त होने के कारण संचालन नहीं हो रहा है। त्योहार पर गाजियाबाद रीजन के सभी सात डिपो से 300 बसों का अतिरिक्त संचालन करने का निर्णय लिया गया है। इनमें से सबसे ज्यादा 50 अतिरिक्त बसों का संचालन कौशांबी से होगा, लेकिन बसों के वर्कशॉप में खड़े रहने के पीछे तकनीकी खराबी एक बड़ी चुनौती है। चालक और परिचालकों की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने से भी बसों का संचालन नहीं हो पा रहा है। सामान्य दिनों में भी स्टाफ की व्यवस्था करने में परेशानी होती है। वर्तमान में चालकों की संख्या 394 के सापेक्ष 324 है, फिलहाल 70 चालकों की कमी है। वहीं परिचालकों की संख्या 394 के सापेक्ष 308 है, फिलहाल 85 परिचालकों की कमी है।
इन रूटों पर होगा संचालन
योजना के तहत दिल्ली से लखनऊ, बरेली, हरदोई, आजमगढ़, सोनौली, बदायूं, मैनपुरी, कानपुर और एटा-अलीगढ़ मार्ग पर अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। इनमें दो हाई एंड, 55 जनरथ व एसी शताब्दी और 243 साधारण बसें शामिल हैं। सबसे अधिक 70 बसें दिल्ली-बदायूं मार्ग पर लगाई जाएंगी। वहीं, दिल्ली-बरेली मार्ग पर 42, एटा-अलीगढ़ मार्ग पर 50 और दिल्ली-मैनपुरी मार्ग पर 35 अतिरिक्त बसें चलेंगी।
वर्जन
कौशांबी डिपो एआरएम अंशुल भटनागर ने बताया कि छुट्टी पर चल रहे सभी चालक-परिचालकों को ड्यूटी पर बुलाया जा रहा है। सभी कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त कर प्रोत्साहन राशि की भी घोषणा की गई है।