गाजियाबाद। कमला नगर स्थित एक संस्थान में तैनात महिला कर्मी ने बस चालक पर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 10 फरवरी को कार्यालय में देर होने पर रात साढ़े नौ बजे जीएसटी रेड लाइट पर वह बस से उतरीं। वहां से वह पैदल एनडीडीटीसी अस्पताल के लिए पैदल जाने लगीं।
आरोप है कि रास्ते में दिनेश टूर ट्रैवल्स की बस का चालक विरेशचंद्र ने अकेला पाकर उनका हाथ पकड़ लिया और छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपी ने उनके साथ गाली-गलौज की। पीड़िता ने शोर मचाकर आरोपी से खुद को छुड़ाया। मधुबन-बापूधाम पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वहीं, दिल्ली की कड़कड़ कोर्ट में प्रैक्टिस करने वाली महिला अधिवक्ता ने बताया कि कोर्ट से वह कविनगर अपने आवास पर आ रही थीं। रास्ते में चरणजीत नाम का युवक मिला और उनके साथ छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने कविनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। एसीपी कविनगर स्वतंत्र सिंह ने बताया कि मामलों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद