साहिबाबाद। दो टप्पेबाजों ने एक बुजुर्ग महिला को 500-500 रुपये के नोटों की गड्डी का लालच देकर अपने जाल में फंसा लिया। आरोपियों ने महिला से कानों के कुंडल उतरवा लिए और बदले में कागज से भरी गड्डी थमाकर फरार हो गए। घर पहुंचने पर गड्डी खोलने पर महिला को ठगी का पता चला।
सत्यम एंक्लेव निवासी निखिल चंदा ने पुलिस को बताया कि उनकी मां पूनम बाजार गई थीं। निखिल उन्हें एंक्लेव के गेट के पास छोड़कर गए थे। बाजार में दो अज्ञात युवकों ने पूनम को रोककर बातों में उलझाया। युवकों ने जरूरत का बहाना बनाकर 500-500 रुपये के नोटों की गड्डी दिखाकर भरोसा दिलाया और घटना को अंजाम दिया।
एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।