फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बुलंदशहरः जहरीली शराब पीने से पांच लोगों की मौत, आबकारी अफसरों पर गिरी गाज, दोषियों पर लगेगा NSA

Fri, 08 Jan 2021 02:06 PM IST
पूजा त्रिपाठी अमर उजाला नेटवर्क, बुलंदशहर
विज्ञापन
बुलंदशहर: जहरीली शराब पीने से चार की मौत - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

बुलंदशहर के सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव जीतगढ़ी में देशी शराब पीने से पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं, 16 अन्य लोगों की हालत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल समेत अन्य निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

विज्ञापन


पुलिस ने पांच लोगों के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल में भेजवाया है। घटना की सूचना पर डीएम और एसएसपी ने गांव पहुंचकर घटना की जानकारी ली। वहीं, जिला अस्पताल पहुंचकर बीमार लोगों से पूछताछ की। मामले में लापरवाही सामने आने पर कोतवाली प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार जीतगढ़ी गांव में कुलदीप नामक व्यक्ति अवैध रूप से देशी शराब बेचता है। गुरुवार को काफी लोगों ने उससे शराब खरीदकर पी। गुरुवार रात शराब पीने के बाद सबसे पहले सरजीत की तबीयत खराब हुई। उसे सीने में जलन आदि की समस्या होने लगी।
विज्ञापन


परिजन उसे अस्पताल लेकर जाने लगे, रास्ते में उसकी मौत हो गई। उसके बाद रात में कलुआ की भी अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। वहीं, रात में ही सुखपाल और सतीश की भी तबीयत खराब हो गई। शुक्रवार सुबह परिजन दोनों को लेकर अस्पताल जा रहे थे। रास्ते में ही दोनों ने दम तोड़ दिया।
 

आरोपियों के खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई करें : योगी
बुलंदशहर की घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई के आदेश दिए हैं। उन्होंने दोषियों पर रासुका के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल मौके पर जाकर हर पीड़ित को बेहतर इलाज दिलाने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने दोषी डिस्टीलरी के खिलाफ भी कठोरतम कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

Trending Videos
विज्ञापन

वहीं, एक और गंभीर पन्ना लाल ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इसके अलावा 16 अन्य बीमार लोगों को जिला अस्पताल समेत अन्य निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। जहां पांच लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है।

घटना की सूचना पर सुबह ही प्रशासनिक अमला गांव में पहुंच गया। डीएम रविंद्र कुमार और एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। वहीं, आबकारी विभाग के अफसर भी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू कर दी। घटना के बाद अब आबकारी विभाग के अधिकारी गांव में लोगों से पूछताछ करने में जुटे हैं।

वहीं, ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार आरोपी की शिकायत करने के बाद भी पुलिस ने उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। मामले में एसएसपी ने लापरवाही सामने आने पर कोतवाली प्रभारी सिकंदराबाद दीक्षित कुमार त्यागी, एक दारोगा और दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया है।

एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल पुलिस अवैध रूप से शराब बेचने वाले आरोपी कुलदीप के परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। कुलदीप फरार है, पुलिस को उसकी आखिरी लोकेशन दिल्ली में मिली है।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम दिल्ली निकल गई है। वहीं, डीएम रविंद्र कुमार ने बताया कि जो लोग बीमार हैं, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है। मामले की जांच की जा रही है, किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

आबकारी विभाग के अधिकारी निलंबित
बुलंदशहर शराब कांड पर मुख्यमंत्री ने सख्ती दिखाते हुए संयुक्त आबकारी आयुक्त राजेश मणि त्रिपाठी और उप आबकारी आयुक्त सुरेश चंद्र पटेल को हटाया दिया है। दोनों बड़े अफसरों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही के भी निर्देश दिए हैं। जिला आबकारी अधिकारी बुलंदशहर संजय कुमार त्रिपाठी भी हटा दिए गए हैं। यही नहीं आबकारी निरीक्षक सहित प्रधान आबकारी सिपाही और दो आबकारी सिपाही निलंबित। संयुक्त आबकारी आयुक्त और उप आबकारी आयुक्त को आबकारी आयुक्त मुख्यालय से संबंध किया गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें