बार्डर सिक्योरिटी फोर्स के लेफ्टिनेंट कर्नल अमोद शर्मा की कैंसर से मौत हो गई। रविवार की दोपहर उनका शव मुरादनगर स्थित उनके आवास पर लाया गया। उनकी अंतिम यात्रा में सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंचे।
गंगा विहार कालोनी निवासी अमोद शर्मा (52) बीएसएफ में लेफ्टिनेंट कर्नल थे, हाल में उनकी पोस्टिंग जम्मू कश्मीर के अखनूर सेक्टर में चल रही थी। परिवार में पत्नी सरोज शर्मा, बेटे मोहित और रोहित हैं जबकि दो बेटियों का विवाह हो चुका है।
बेटे रोहित ने बताया कि पिता को काफी वक्त से गोल ब्लैडर में कैंसर था लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और देश की सेवा में हमेशा तत्पर रहे। दो दिन पहले उनकी तबीयत बिगड़ी, जिस पर उन्हें सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शनिवार को तबीयत और बिगड़ी और उनकी मौत हो गई। रविवार की दोपहर बीएसएफ के जवान उनका पार्थिव शरीर लेकर गंगा विहार कालोनी स्थित आवास पर पहुंचे। बंबा रोड स्थित श्मशान घाट में सैनिक सम्मान के साथ लेफ्टिनेंट कर्नल अमोद शर्मा का अंतिम संस्कार किया गया।