मोदीनगर। भोजपुर के गांव फजलगढ़ में घर के पास निर्माण कार्य करा रहे युवक पर आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। आरोपियों ने बीच बचाव करने आए युवक के भाई को भी फरसा मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज की है।
फजलगढ़ निवासी प्रमोद कुमार के अनुसार पास पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों के साथ उनका विवाद चल रहा है। बताया कि सोमवार देर शाम उनका भाई शैलेन्द्र शर्मा घर के पास कुछ निर्माण कार्य करा रहा था। आरोप है कि इसी बीच आरोपी वहां पहुंचे और शैलेन्द्र की बेरहमी से पिटाई कर दी। प्रमोद कुमार बीच बचाव करने लगा तो आरोपियों ने प्रमोद पर भी हमला बोल दिया। आरोपियों ने फरसे और सरिया से हमला कर दोनों भाईयों को घायल कर दिया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना ने बताया कि तहरीर के अनुसार चन्दर और उसके तीन पुत्रों पुनीत, विपिन व गोलू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।