सद्दाम के अफरोजी के दुपट्टे से बांधे हाथ-पैर, पांच वर्षीय बेटे के गले पर रखा चाकू
सद्दाम ने बताया कि बदमाशों ने घर में घुसते ही अफरोजी के दुपट्टे से उनके हाथ-पैर बांध दिए और कनपटी पर तमंचा तान गर्दन पर चाकू रख दिया। दो बदमाश पूरे परिवार पर तमंचा ताने खड़े रहे और पांच साल के अन्नान के गले पर चाकू रख दिया। विरोध करने पर बदमाशों ने पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी। बदमाशों ने उनसे कहा कि वह घर में रखी 10 किलो चांदी और पांच लाख रुपये नकदी चुपचाप उन्हें दे दें, वरना पूरे परिवार को गोली मार देंगे। मना करने पर बदमाशों ने कहा कि उन्हें घर में मोटा माल होने की पूरी सूचना है।
मोटे माल के चक्कर में बदमाशों ने डेढ घंटे तक घर खंगाला
सद्दाम ने बताया कि बदमाशों ने दस किलो चांदी और पांच लाख रुपये नकदी के चक्कर में लगभग डेढ़ घंटे तक घर खंगाला। बदमाशों ने घर का कोना-कोना छान दिया, मगर उन्हें दस किलो चांदी और पांच लाख रुपये नकदी नहीं मिली। बदमाशों ने मोटा माल नहीं मिलने पर अन्नान को चाकू मारने की धमकी दी, मगर परिवार ने अन्य सामान होने से मना कर दिया। बदमाश अफरोजी के झुमके, सोने के कड़े, कुंडल, तीन जोड़ी पाजेब और सवा लाख रुपये नकदी लूट कर ले गए। सद्दाम ने बताया कि बदमाशों ने अफरोजी के कानों के कुंडल, पाजेब और पैरों की चुटकी भी उतरवा ली। अफरोजी ने विरोध किया तो बदमाशों ने उनके हाथ पर चाकू मारकर घायल कर दिया। सद्दाम ने बताया कि बदमाश उनके घर से करीब 10 लाख रुपये कीमत का सामान लूट ले गए।
पुलिस से शिकायत करने पर दी बच्चों को स्कूल से अगवा कर हत्या करने की धमकी
सद्दाम ने बताया कि बदमाशों ने उन्हें पुलिस से शिकायत न करने पर गंभीर परिणाम भुगनते की धमकी दी। बदमाशों ने धमकाया कि अगर उन्होंने पुलिस से शिकायत की तो बच्चों को स्कूल से अगवा कर उनकी हत्या कर देंगे। बदमाशों ने बच्चों के स्कूल का नाम लिया तो परिवार सहम गया। लगभग डेढ़ घंटे तक डाका डालने के बाद जंगल के रास्ते भाग गए।
सद्दाम के घर के आसपास नहीं है सीसीटीवी कैमरे
सद्दाम गांव के बाहरी छोर पर रहते है। वहां जंगल और कब्रिस्तान बना है। घर के आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। वहां से भट्टे की तरफ जाने वाले रास्ते पर सीसीटीवी कैमरे लगे बताए गए। ऐसे में पुलिस को बदमाशों तक पहुंचा बड़ी चुनौती है। बदमाशों द्वारा बार-बार 10 किलो चांदी और पांच लाख रुपये नकदी का बार-बार जिक्र करना इस बात को पुख्ता कर रहा है कि रैकी के बाद घटना को अंजाम दिया गया।
कैंसर से जूझ चुके हैं सद्दाम, एक बेटे के दिल में है छेद
सद्दाम ने बताया कि काफी वर्ष पहले उन्हें कैंसर हो गया था। उनका कई साल तक दिल्ली में इलाज चला। जिसके बाद वह सामान्य हो गए। उन्हें 10 वर्षीय बेटे यूनुस के दिल में छेद है। उसका दिल्ली में उपचार चल रहा है। एसीपी मोदीनगर सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि सद्दाम की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। घटना के खुलासे के लिए पांच टीमों को लगाया गया है। क्षेत्र के संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।