सोशल मीडिया की मदद से हुई पहचान
एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि मंगलवार सुबह 10 बजे पुलिस को सूचना मिली कि गांव भूडगढ़ी के पास रजवाहे में एक युवक का शव पानी में उतराता रहा है। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को रजवाहे से बाहर निकालकर पहचान के प्रयास किए, पुलिस ने आसपास थानाक्षेत्र में युवक का फोटो सोशल साइट्स पर डाल दिया, सोशल साइट्स से जानकारी मिलने पर युवक के परिजन वेव सिटी थाने पहुंचे।
गंगनहर में नहाने गया था पवन
मृतक की पहचान पवन (18) पुत्र धर्मवीर निवासी गोकुलपुरी करावलनगर दिल्ली के रूप में मामा रोहित ने की। रोहित ने बताया कि पवन गोकुलपुरी के स्कूल में दसवीं कक्षा का छात्र था, इनके पिता सैलून का कार्य करते हैं और पवन अपने माता पिता की तीन संतानों में दूसरे नंबर का था। पवन अपने दोस्तों लक्की व तनिष्क के साथ रविवार दोपहर गोकुलपुरी से मुरादनगर गंगनहर छोटा हरिद्वार में नहाने आया था, नहाते समय तेज बहाव में बहकर गहरे पानी में डूब गया था।
एसडीआरएफ व एनडीआरएफ की टीम ने की खोजबीन पर नहीं मिला था पवन
एसडीआरएफ व एनडीआरएफ टीम ने रविवार को पवन की गंगनहर में काफी खोजबीन की थी, मगर नहीं मिल सका था, जिसका शव मंगलवार को गंगनहर से बहता हुआ लगभग 10 किलोमीटर दूर गांव भूडगढ़ी के पास रजवाहे में पुलिस को मिला। पुलिस ने शव को मेडिकल परिक्षण के लिए भेजा।