जल्दबाजी के चक्कर में दो युवकों ने न केवल अपनी जान जोखिम में डाल दी, बल्कि गाजियाबाद-मुरादाबाद रेल रूट को भी दो घंटे के लिए बाधित कर दिया। कोटगांव फाटक बंद होने के बावजूद दो युवक यहां से बाइक निकालने का प्रयास कर रहे थे, इसी दौरान बाइक मालगाड़ी की चपेट में आ गई और दोनों युवकों ने कूदकर जान बचाई।
इसके बाद कार्रवाई के डर से दोनों मौके से भाग निकले। इंजन के नीचे बाइक घुसने से मालगाड़ी के पहिए थम गए। मेन लाइन पर मालगाड़ी के रुक जाने से लखनऊ-आनंद विहार डबल डेकर समेत कई ट्रेनें बीच में ही रुक गईं।
यह घटना रविवार दोपहर करीब सवा 12 बजे हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कोटगांव फाटक सिग्नल के बाद बंद हो गया। पानीपत से रक्सौल जा रही मालगाड़ी कोटगांव फाटक पर पहुंचने ही वाली थी, इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक ट्रेन के आगे से बाइक निकालने की कोशिश कर रहे थे, तभी ट्रेन आ गई और बाइक का पहिया ट्रैक में फंस गया। उन्होंने बाइक निकालने का प्रयास किया, तब तक ट्रेन बेहद नजदीक पहुंच गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों युवक बाइक को ट्रैक पर छोड़ भाग खड़े हुए।
हालांकि मालगाड़ी के ड्राइवर ने इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया, लेकिन तब तक बाइक मालगाड़ी के इंजन के नीचे फंसकर काफी दूर तक घिसटती चली गई। मेन लाइन पर हुए हादसे से मुरादाबाद-गाजियाबाद रूट बाधित हो गया। इसके चलते लखनऊ-आनंद विहार डबल डेकर आधे घंटे आउटर पर खड़ी रही। इसके अलावा कई अन्य ट्रेनें भी प्रभावित रहीं। सूचना पर आरपीएफ और स्टेशन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। मालगाड़ी को पीछे हटाकर बाइक को नीचे से निकाला गया।
इसके बाद इंजीनियरों से ट्रैक का फिटनेस लिया गया। करीब डेढ़ बजे रेलवे इंजीनियरों ने जांच के बाद ट्रैक को फिट करार दिया। करीब सवा दो बजे मालगाड़ी को रवाना कर ट्रैक खाली कराया गया। आरपीएफ ने अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बाइक पर लिखे नंबर (यूपी-14सीएस-3725) के आधार पर आरपीएफ उसे चलाने वालों की तलाश कर रही है।