साहिबाबाद। शालीमार गार्डन डीएलएफ एक्सटेंशन दो निवासी फरहत के खिलाफ क्षेत्र के ही रहने वाले नदीम ने धोखाधड़ी और धमकाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि उनकी पत्नी को बहन बनाकर फरहत ने दो लाख रुपये उधार लिए। इसके बाद वापस मांगने पर धमकी दी और झूठा मुकदमा भी दर्ज करा दिया। उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
दर्ज मुकदमे में नदीम ने बताया कि फरहत से उनकी मुलाकात कुछ साल पहले पूर्वी दिल्ली में हुई थी। वर्तमान में वह उनके पड़ोस में ही रह रही हैं। बताया कि फरहत उनकी पत्नी को बहन कहती है। घर पर भी आना-जाना था। जरूरत बताकर महिला ने साल 2023 में कई बार में दो लाख रुपये उधार लिए थे। जब उन्होंने रकम वापस मांगी तब महिला ने घर और उनके कार्यालय पहुंचकर अभद्रता की। वहीं उनके खिलाफ जेवरात छीनने का झूठा मुकदमा भी दर्ज करा दिया। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस से महिला के खिलाफ शिकायत की। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि महिला के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। जल्द ही हिरासत में लेकर मामले का खुलासा किया जाएगा।