टीलामोड़ थानाक्षेत्र स्थित डी-मार्ट मॉल में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक फीडबैक फॉर्म में लिखा मिला कि कल मॉल में बम फटेगा। नोट देखते ही प्रबंधन के होश उड़ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। कुछ ही देर में पुलिस बल, बम डिस्पोजल यूनिट और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंच गए। मॉल को खाली कराया गया और हर कोने की तलाशी ली गई। इस दौरान मॉल के बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। हालांकि जांच में यह एक बच्चे की शरारत निकली।
डी-मार्ट में हर रोज हजारों लोग खरीदारी करने पहुंचते हैं। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे जब मॉल खुला तब कर्मचारियों ने अपनी-अपनी ड्यूटी संभाली। इस दौरान मॉल में लिखे जाने वाले फीडबैक फॉर्म को पढ़ने और उसके आधार पर व्यवस्थाओं को सुधारने की जिम्मेदारी जिस कर्मचारी के पास थी वह अपना काम कर रहा था।
अचानक एक फीडबैक फॉर्म पढ़ने के बाद वह दंग रह गया। बृहस्पतिवार को लिखे गए फीडबैक फॉर्म में से वह आखिरी फॉर्म था। उसमें लिखा था कि मॉल में कल बम फटेगा। दोपहर करीब 12 बजे मॉल में अचानक हड़कंप मच गया।
मॉल कर्मचारियों ने शॉपिंग कर रहे लोगों को तुरंत बाहर निकाला और पुलिस को फोन किया। लोगों में भी डर का माहौल पैदा हो गया। बात तब पता चली जब पुलिस फोर्स और बम डिस्पोजल यूनिट के अधिकारी व कर्मचारी डी-मार्ट मॉल पहुंचे। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि करीब दो घंटे तक शॉपिंग मॉल के चप्पे-चप्पे को खंगाला गया।
डॉग स्क्वॉड और बम डिस्पोजल यूनिट ने पूरे मॉल के कोने-कोने में तलाशी ली लेकिन कुछ नहीं मिला। इसके बाद मॉल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गईं। तब सामने आया कि बृहस्पतिवार को एक परिवार शॉपिंग करने आया था। उनमें एक बच्चा भी था। उसने फीडबैक फॉर्म में यह नोट लिखा था। उसके बाद किसी भी ग्राहक ने फीडबैक फॉर्म नहीं भरा था।
एसीपी ने बताया कि मामले की पूरी गंभीरता से जांच की गई है। गनीमत रही कि यह शरारत निकली लेकिन इस तरह की हरकतें बेहद खतरनाक हो सकती हैं और इसके लिए जागरूकता जरूरी है। जिसने नोट लिखा उसका पता लगाया जा रहा है। मिलने पर बच्चे की काउंसलिंग कर उसे समझाया भी जाएगा।