अंडरवर्ल्ड डॉन के बच्चों की प्रेम कहानी पर बन रही फिल्म 'रक्त धार' में गाजियाबाद के राजीव शिशौदिया भी नजर आएंगे। फिल्म की शूटिंग खत्म कर कौशांबी पहुंचे राजीव का मंगलवार को ट्राई विजन फिल्म्स के कार्यालय में जोरदार स्वागत हुआ। फिल्म में शक्ति कपूर एक किन्नर का रोल निभा रहे हैं, जिसे लेकर फिल्म चर्चाओं में है।
विजयनगर प्रताप विहार निवासी राजीव के पिता एसएस शिशौदिया शिक्षक हैं। राजीव ने यूपीटीयू से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की है। मगर उनका रुझान एक्टिंग की तरफ था। दो साल पहले एक्टिंग की शुरुआत की।
ट्राई विजन फिल्म्स में ट्रेनिंग के बाद उन्होंने डॉक्युमेंट्री फिल्म जस्ट 30 मिनट्स, सावधान इंडिया और नो स्मोकिंग में काम किया। इसके बाद उन्हें रक्त धार में हीरो के दोस्त का रोल मिला। राजीव ने बताया कि फिल्म में उनका रोल बेहद अहम है।
उन्होंने अपनी कामयाबी का श्रेय अपने माता-पिता को दिया। राजीव के एक्टिंग गुरु विजय भारद्वाज ने बताया कि राजीव बेहद मेहनती है। एक्टिंग के लिए उसने सिर्फ 20 दिन में आठ किलो वजन कम किया। इतना ही नहीं वह रोजाना 8-10 घंटे रिहर्सल करते हैं।