मसूरी थाना क्षेत्र के कल्लूगढ़ी ईदगाह के पास एक व्यक्ति द्वारा बुधवार सुबह पेड़ से रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डासना भिजवाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 अगस्त बुधवार की सुबह लगभग 7 बजे पुलिस को सूचना मिली कि कल्लूगढ़ी ईदगाह के पास एक व्यक्ति ने फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस व फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर पाया कि एक व्यक्ति गले में रस्सी बांधकर पेड़ से लटका हुआ था और उसके घुटने जमीन पर टिके हुए थे। मृतक की पहचान अली मोहम्मद 40 वर्ष उर्फ बुल्ला पुत्र दीन मोहम्मद निवासी कल्लूगढ़ी मसूरी के रूप में हुई। घटनास्थल पर मौजूद परिजनों से पूछताछ करने पर पता चला कि अली मोहम्मद ऑटो चलाता था और उसका एक दिन पूर्व अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था जिसके बाद वह नाराज होकर घर से निकल गया था और वापस नहीं लौटा था। अली मौहम्मद के 5 बेटी और एक बेटा है।
एसीपी मसूरी सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस ने ऑटो चालक शव को पेड़ से उतारकर सीएचसी डासना भिजवाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसीपी के अनुसार मृतक की गर्दन पर रस्सी से लटकने के निशान पाए गए हैं, जबकि शरीर पर कोई अन्य जाहिरा चोट का निशान नहीं मिला है। शव को मेडिकल परिक्षण के लिए भेजा गया है। मौत का स्पष्ट कारण मेडिकल परिक्षण रिपोर्ट आने पर पता चलेगा। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज चेक की जा रही है। अभी परिजनों की ओर से कोई शिकायती पत्र नहीं मिला है, जांच-पड़ताल के बाद वैधानिक कार्रवाई की जायेगी।