हॉट कुक्ड वितरण में ब्लैक लिस्ट हुई एनजीओ गाजियाबाद के बेसिक स्कूलों के बच्चों को मिड डे मील परोस रही है। हैरत की बात यह है संस्था के ब्लैक लिस्ट होने के बावजूद मामले में अधिकारी अंजान बने हुए हैं।
जन चेतना जागृति और शैक्षणिक विकास मंच को 19 जनवरी 2015 में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार के निदेशक ने ब्लैक लिस्ट किया था। यह संस्था फिरोजाबाद में आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को हॉट कुक्ड बांटती थी।
साल 2015 में फिरोजाबाद में हॉट कुक्ड बांटने वाली तीन संस्थाओं को डीएम की रिपोर्ट पर निदेशालय ने ब्लैक लिस्ट करने के साथ प्रदेश में कहीं भी काम न कराने का आदेश जारी हुआ। संस्था पर भोजन मानक के तहत तैयार नहीं करने और अनियमितताओं पर एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी।
फिर भी गाजियाबाद में यह संस्था अब तक मिड-डे मीट बांट रही है। गाजियाबाद बीएसए ऑफिस में भी संस्था के खिलाफ मिड-डे मील वितरण में कई शिकायतें हैं। इसके बावजूद अफसरों ने संस्था के खिलाफ पड़ताल भी नहीं कराई।
इसी सप्ताह एसडीएम के छापे में एनजीओ को दूध में मिलावट का दोषी पाया। इसकी रिपोर्ट एसडीएम ने शनिवार को बीएसए कार्यालय में उपलब्ध करा दी।
1. एनजीओ के खिलाफ लगातार शिकायत आई है। दूध में भी मिलावट की रिपोर्ट सही पाई गई है। डीएम से बात कर एनजीओ को निरस्त कर नए एनजीओ की चयन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। - डा. प्रवेश यादव, बीएसए
2. इस संबंध में कोई साक्ष्य विभाग में नहीं है। यदि ऐसा है तो मामले की जांच करा कर एनजीओ को तत्काल हटाया जाएगा। - कृष्णा करुणेश, सीडीओ