हिंडन किनारे तैयार किए गए हज हाउस पर विरोध की रणनीति तय करने के लिए सोमवार को भाजपाइयों ने आरडीसी में एक बैठक का आयोजन किया। भाजपा के महानगर अध्यक्ष अजय शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में तय किया गया कि 4 अगस्त को सीएम अखिलेश यादव को हज हाउस का उद्घाटन नहीं करने दिया जाएगा।
बैठक में मौजूद सभी लोगों की मांग थी कि हज हाउस के स्थान पर इसे सर्वधर्म के लोगों के लिए कम्युनिटी हॉल घोषित किया जाए। भाजपा के वरिष्ठ नेता मनमोहन गोयल, अतुल गर्ग, राजेंद्र त्यागी, सरदार एसपी सिंह, चंद्रमोहन शर्मा, ब्रजपाल तेवतिया, अशोक गोयल, राजीव अग्रवाल, अनिल स्वामी, संजीव त्यागी आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
आरडब्ल्यूए फेडरेशन के चेयरमैन कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी का कहना है कि हज हाउस को सर्वधर्म गतिविधियों के लिए उपलब्ध कराया जाना चाहिए और इसके रखरखाव की जिम्मेदारी आरडब्ल्यूए फेडरेशन को दी जानी चाहिए।
सिहानी गेट व्यापार मंडल के अध्यक्ष अनुराग गर्ग का कहना है कि हज हाउस सिर्फ एक माह के लिए रहेगा, उसके बाद इसमें अन्य धर्मों की गतिविधियां होनी चाहिए। व्यवस्था ऐसी रहे कि इस भवन का उपयोग सभी धर्मों के लोग समय-समय पर कर सकें।
सीएम का कार्यक्रम टलने की चर्चा:
हज हाउस का उद्घाटन 4 अगस्त को होगा या नहीं इस बात को लेकर संशय का माहौल बना हुआ है। सूत्रों की मानें तो सीएम ने गाजियाबाद आने का अपना कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिया है।
चर्चा यह भी है कि हज हाउस के उद्घाटन के लिए जल्द ही नई तारीख की घोषणा की जाएगी। हालांकि इस बारे में डीएम और अन्य प्रशासनिक अधिकारी अभी कुछ भी कहने से इंकार कर रहे हैं।