कलक्ट्रेट में आए दिन लेट आने वाले अधिकारियों की अब खैर नहीं है। डीएम ने ऐसे अधिकारियों पर शिकंजा कसने के लिए अब बायोमेट्रिक तरीके से हाजिरी लगवाने के निर्देश दिए हैं। एडीएम सिटी प्रीति जायसवाल को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
डीएम विमल कुमार शर्मा के अनुसार उन्हें पिछले कई दिनों से शिकायत मिल रही थी कि कुछ अधिकारी निर्धारित समय से कई घंटे की देरी से ऑफिस आते हैं। जबकि शासन का स्पष्ट आदेश है कि प्रत्येक अधिकारी अपने कार्यालय में सुबह 10 बजे से 12 बजे तक बैठकर जनता की समस्याएं सुनेंगे।
बृहस्पतिवार को डीएम विमल कुमार शर्मा अपने कार्यालय में बैठे थे। इस दौरान कई फरियादी उनके पास समस्या का समाधान कराने पहुंचे। इनमें से कई शिकायतें एसडीएम सदर शैलेंद्र सिंह से संबंधित थीं। डीएम ने उन्हें फोन मिलवाकर बुलाना चाहा तो पता चला कि वह आफिस में हैं ही नहीं।
इसके अलावा कई अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों का भी यही हाल था। इस पर डीएम ने एडीएम सिटी प्रीति जायसवाल को अपने कार्यालय में बुलाकर निर्देश दिए कि तत्काल कलक्ट्रेट में बायोमेट्रिक अटेंडेंस की व्यवस्था शुरू की जाए। एडीएम प्रीति जायसवाल ने बताया कि डीएम के निर्देशों पर जल्द ही कलक्ट्रेट में बायोमेट्रिक अटेंडेंस व्यवस्था शुरू करा दी जाएगी।