संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीनगर। नगर के सीकरी खुर्द मार्ग पर रेलवे फाटक के पास सोमवार दोपहर डंपर की टक्कर से बाइक सवार सुपरवाइजर राजेंद्र कुमार की मौत हो गई। घटना से गुस्साए साथी कर्मचारियों ने महामाया पुलिस चौकी पर शव रखकर हंगामा किया। चौकी पहुंचे एसीपी मोदीनगर ने कार्रवाई का भरोसा देकर लोगों को शांत कराया।
मूलरूप से जनपद मुजफ्फरनगर के गांव कुटबा निवासी राजेंद्र कुमार (38) नगर के सिखैड़ा मार्ग पर औद्योगिक क्षेत्र स्थित मोदी रोल्स में करीब 15 साल से काम करते थे। वर्तमान में राजेंद्र कुमार कंपनी में सुपरवाइजर थे। वह पत्नी प्रीति और बेटे प्रिंस व शिवांश के साथ तिबड़ा मार्ग पर किराए के मकान में रहते थे। परिजनों ने बताया कि राजेंद्र कुमार सोमवार सुबह काम पर गए थे। दोपहर के समय वह लंच करने बाइक से घर जा रहे थे। जैसे ही वह सीकरी खुर्द मार्ग पर रेलवे फाटक के पास पहुंचे तभी एक तेज रफ्तार डंपर ने किसी वाहन को ओवरटेक करने के चक्कर में उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में राजेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। साथी कर्मचारी उन्हें उपचार के लिए नगर के एक निजी अस्पताल ले गए, वहां से गंभीर हालत के चलते राजेंद्र कुमार को मेरठ रेफर कर दिया गया। मेरठ ले जाते समय रास्ते में राजेंद्र कुमार की मौत हो गई। राजेंद्र की मौत की सूचना से साथी कर्मचारी आक्रोशित हो उठे। करीब सौ से अधिक कर्मचारी एकत्रित होकर महामाया देवी पुलिस चौकी पहुंचे और आरोपी चालक को गिरफ्तार व मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया मगर, वह अपनी मांग पर अड़े रहे। मामला बढ़ते देख एसीपी मोदीनगर ज्ञानप्रकाश राय ने महामाया पुलिस चौकी पहुंचकर आक्रोशित कर्मचारियों से वार्ता की और उन्हें समझाकर शांत कराया।
पुलिस पर चालक से साठगांठ का आरोप
गुस्साए साथी कर्मचारियों ने कार्रवाई की मांग को लेकर सुपरवाइजर राजेंद्र कुमार का शव चौकी पर रखकर आरोपी चालक और डंपर के मालिक को मौके पर बुलाने की मांग की। काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। आक्रोशित लोगों ने चौकी पुलिस पर आरोपी डंपर चालक और मालिक से सांठगांठ का आरोप लगाया। आरोप लगाया कि पुलिस ने सांठगांठ के कारण भरे डंपर को खाली कराने और खून को पानी से धुलाई करने के बाद पकड़ा और चालक को भगा दिया। इस बात को लेकर काफी देर तक गहमागहमी होती रही। आरोप लगाया कि डंपर से अवैध खनन किया जा रहा था तभी डंपर आबादी क्षेत्र में दिन में भी बिना रोक-टोक के दौड़ते है। हंगामे के कारण मुख्य मार्ग पर करीब एक घंटे यातायात बाधित रहा।
एसपी ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि डंपर को कब्जे में ले लिया गया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।