इंदिरापुरम। सेवानिवृत्त वायु सैनिक की पत्नी समेत दो महिलाओं के साथ ट्रांस हिंडन के दो इलाकों में बाइक सवार बदमाशों ने लूटपाट की। दोनों ने तहरीर दी है। पुलिस बदमाशों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
राजेंद्रनगर सेक्टर तीन में सुरेश कुमार परिवार के साथ रहते हैं। वह वायु सेना से सेवानिवृत्त है। उनकी पत्नी माया कबीर जिंदल मार्केट से घर लौट रही थी। तभी बाइक सवार उनके पास आकर रूका। बाइक सवार ने उनसे लूट का प्रयास किया। विरोध पर उसने उनका पर्स और मोबाइल छीन लिया। पर्स में रुपये और घर की चाबी समेत अन्य सामान रखा था। वह घटनास्थल से घर पहुंचीं और पड़ोसी के जरिये पति को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस माैके पर पहुंची लेकिन तब तक बदमाश दूर जा चुके थे।
उधर, बाइक सवार बदमाश ने इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में महिला से पर्स छीन लिया। नीतिखंड दो में रहने वाली मानसी पांडे ऑफिस से घर लौट रही थीं। बदमाश आया और उनका पर्स छीन लिया। इसमें 21 हजार रुपये, दो मोबाइल फोन, मेट्रो कार्ड और डेबिट-क्रेडिट कार्ड समेत अन्य दस्तावेज रखे थे। मानसी के मुताबिक बदमाश ने काले रंग की जैकेट पहनी थी और हेलमेट भी लगाया था। इसीलिए वह उसका चेहरा नहीं देख पाईं। उन्होंने घटना होते ही पुलिस को सूचना दी।