लोनी। बॉर्डर थाना क्षेत्र के लालबाग कॉलोनी में मंगलवार रात बाइक सवार दो बदमाशों ने बाइक सवार जसवीर निवासी उत्तरांचल कॉलोनी बंद फाटक से 1.37 लाख रुपये लूट लिए। वह रुपये लेकर बाइक से अपने घर जा रहे थे। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
जसवीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मंगलवार रात वह अपने जानकार के घर लालबाग मस्जिद के पास से करीब 1.37 लाख रुपये उधार लेकर अपने घर की तरफ जा रहे थे। जैसे ही वह लालबाग में सुनसान इलाके में पहुंचे। तभी पीछे से बाइक सवार दो बदमाश आए और उन्हें जबरदस्ती रोक लिया। बदमाशों ने उनकी जेब में रखे 1.37 लाख रुपये लूट लिए। लूट के बाद बदमाश जान से मारने की धमकी देकर मूवी मैजिक सिनेमा हॉल की तरफ भाग गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसीपी अंकुर विहार भास्कर वर्मा ने बताया कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।