बाइक सवार दो युवकों को ट्रक ने मारी टक्कर। स्रोत: वीडियोग्रैब
गाजियाबाद। सिहानी गेट थाना क्षेत्र में सेठ मुकुंद लाल स्कूल के सामने स्थित ट्रैफिक सिग्नल पर सोमवार की रात करीब 11ः45 बजे ट्रक ने बाइक सवार ने दो युवकों को टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार कमल (21) निवासी सरस्वती विहार की मौत हो गई। उनका साथी रवि कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे दिल्ली रेफर किया गया है। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक छोड़कर भाग गया।
एसीपी नंदग्राम उपासना पांडेय ने बताया कि सोमवार की रात सेठ मुकुंद लाल स्कूल के सामने मुरादाबाद से आ रहे ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। बाइक सवार करीब पांच मीटर तक अगले टॉयर के सामने घिसटते रहे और उसके बाद कमल के ऊपर से ट्रक का अगला पहिया उतर गया। जबकि ट्रक की चपेट में आकर उसका साथी रवि गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक मौके पर छोड़कर भाग गया। मौके पर पहुंची सिहानी गेट पुलिस घायलों को जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने कमल को मृत घोषित कर दिया। जबकि रवि कुमार निवासी सरस्वती विहार आश्रम रोड को दिल्ली हॉयर सेंटर रेफर कर दिया। कमल के छोटे भाई कुनाल ने बताया कि तीन भाइयों में कमल सबसे बड़े थे और अपने साथी रवि के साथ शादी-विवाह और अन्य कार्यक्रमों में डेकोरेशन का काम करते थे। उनके पिता जगदीश सिंह सुरक्षा गार्ड हैं।
एसीपी ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है, जबकि शव का मेडिकल परीक्षण कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक तहरीर नहीं मिली थी।