गांव ग्यासपुर निवासी कपिल कुमार गौतम (20) मजदूरी कर अपना व परिवार का भरण पोषण करता था। जल्द ही वह अपना नया काम शुरू करने की तैयारी कर रहा था। बताया गया कि सोमवार सुबह करीब छह बजे वह घर से बाइक लेकर बुलंदशहर आने के लिए निकला था। जब वह मामन तिराहे के निकट पहुंचे तो बुलंदशहर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार मिट्टी से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादासे में कपिल गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि, आरोपी ट्रैक्टर चालक मौके पर ही ट्रैक्टर को छोड़कर भाग निकला। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कपिल को अस्पताल पहुंचाया। जहां, चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कपिल की मौत की सूचना मिलते ही ग्रामीण व उनके परिजन मौके पर पहुंच गए। जिन्होंने वहां हंगामा करते हुए जाम लगा दिया। ग्रामीणों व स्थानीय लोगों का आरोप है कि आए दिन इस मार्ग पर ट्रैक्टर ट्रॉली मिट्टी लादकर गुजरते हैं। जिससे आए दिन हादसों में लोगों की जान चली जाती है। साथ ही ग्रामीणों ने आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग की। सूचना मिलने पर नगर कोतवाल धर्मेंद्र सिंह राठौड़ भी मौके पर पहुंच गए। जिन्होंने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया। करीब दो घंटे तक मौके पर हंगामा चलता रहा। साथ ही ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में लेकर थाने ले आए। पुलिस ने मामले में मृतक के भाई सुभाष चंद की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। साथ ही आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
तीन माह पूर्व हुई थी शादी
परिजनों ने बताया कि मृतक कपिल कुमार का करीब तीन माह पूर्व दिसंबर माह में ही विवाह हुआ था। कपिल की मौत के बाद से उनकी पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल है। शाम करीब तीन बजे पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया।
मामले में तहरीर के आधार पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - ऋजुल कुमार, एएसपी नगर