मोदीनगर। हापुड़-मोदीनगर मार्ग पर सोमवार रात बेकाबू वाहन ने एक बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार वीरेंद्र कुमार (35) की मौत हो गई। बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है।
हापुड़ जिले के पिलखुवा निवासी वीरेंद्र कुमार उर्फ पिंटू मोदीनगर स्थित एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते थे। वह प्रतिदिन पिलखुवा से आते-जाते थे। परिजनों ने बताया कि रात करीब नौ बजे वह बाइक पर ड्यूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान भोजपुर स्थित पेट्रोल पंप के समीप किसी वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए वीरेंद्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया।
वीरेंद्र की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। वीरेंद्र विवाहित थे और उनके दो बच्चे हैं। वह परिवार में अकेले कमाने वाले थे। उनकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज आदि के माध्यम से आरोपी वाहन चालक की तलाश की जा रही है।