डासना। एनएच-9 सद्भावना कट पर बाइक व कैंटर की आमने-सामने हुई भिड़ंत में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कैंटर मौके पर छोड़कर भाग गया। हादसे के बाद एनएच-9 पर जाम लग गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु कराया।
एनएच-9 डासना स्थित सद्भावना कट पर शुक्रवार सुबह साढ़े 10 बजे रांग साइड डासना से मसूरी की ओर जा रहे बाइक सवार ने सामने से आ रहे कैंटर में टक्कर हो गई। असंतुलित बाइक कैंटर के अंदर घुस गई। हादसे के बाद चालक कैंटर छोड़कर मौके से भाग गया। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने घायल को मृत घोषित कर दिया। युवक की पहचान डासना वेव सिटी क्षेत्र की श्रीराम कालोनी निवासी सूरज (25) के रूप में हुई। एसीपी उपासना पांडे ने बताया कि कैंटर को कब्जे में ले लिया गया है। मृतक के परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है। बताया कि कैंटर चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।