गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र की बहरामपुर रोड पर शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे साइकिल सवार 11वीं के छात्र योगेंद्र सिंह (17) को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। आसपास के लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और घायल योगेंद्र को एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में उपचार के दौरान योगेंद्र की मौत हो गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने चिकित्सकों पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
राहुल विहार निवासी पूर्ण सिंह का इकलौता बेटा योगेंद्र सिंह साइकिल से शुक्रवार सुबह पार्क में अन्य बच्चों के साथ खेलने जा रहा था। जब वह राहुल विहार अंडरपास पर पहुंचा तो तेज रफ्तार से आई बाइक ने योगेंद्र को टक्कर मार दी। अन्य साथियों ने शोर मचाकर बाइक सवार को पकड़ लिया। मौके पर पहुंची एंबुलेंस से योगेंद्र को एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के करीब दो घंटे बाद योगेंद्र ने दम तोड़ दिया।
योगेंद्र के पिता पूर्ण सिंह ने बताया कि उन्होंने चिकित्सकों से घायल बेटे को अन्य अस्पताल में रेफर करने की मांग की थी। आरोप है कि कई बार चिकित्सकों के पास जाने पर सुरक्षाकर्मियों से उन्हें इमरजेंसी से बाहर निकाल दिया। जिसके बाद परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। एसीपी कविनगर रितेश त्रिपाठी ने बताया कि किशोर का मेडिकल परीक्षण कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। एसीपी वेव सिटी उपासना पांडे ने बताया कि आरोपी बाइक चालक जिम ट्रेनर देवेंद्र कुमार निवासी क्रॉसिंग रिपब्लिक को हिरासत में ले लिया गया है। बाइक भी कब्जे में ले ली गई है। परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।