मोदीनगर। नगर के गांव सीकरी खुर्द में भारतीय किसान मजदूर मोर्चा के बैनर तले रविवार को एक पंचायत हुई। पंचायत में पांच सूत्रीय मांगों को लेकर आगामी 25 फरवरी से तहसील मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने का एलान किया गया। पंचायत की अध्यक्षता टीकम सिंह और संचालन राहुल प्रधान ने किया।
पंचायत को संबोधित करते हुए संगठन के अध्यक्ष डॉ. बबली गुर्जर ने कहा कि सीकरी खुर्द की शत्रु संपत्ति से संबंधित 1800 बीघा जमीन का दाखिल खारिज, महामाया देवी मंदिर का 25 करोड़ रुपये भवन पर खर्च करने, तिबड़ा रोड फाटक और सीकरी रोड फाटक पर आरओबी व जर्जर सड़कों के निर्माण कार्य की लंबे समय से मांग की जा रही है। इसके लिए कई बार आंदोलन भी किए गए मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने एलान किया कि जिम्मेदार विभागों की उदासीनता के कारण आगामी 25 फरवरी से तहसील मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। इस अवसर पर कालू, रामदत्त शर्मा, चमन, मोनू, निर्दोष खटाना, नवाब अली, नीरज प्रजापति, सतेंद्र शर्मा, डॉ.श्रवण शर्मा आदि मौजूद रहे।