प्रधानमंत्री के लिए दो लाख 40 हजार स्क्वायर मीटर क्षेत्रफल में जनसभा स्थल तैयार हो रहा है। सभास्थल के सामने निर्माणाधीन इमारत में कुल 12 फ्लैट में परिवार रहते हैं जबकि 134 फ्लैट खाली हैं। इसी तरह वसुंधरा सेक्टर-10 में भी 16 से अधिक फ्लैट बंद हैं। इंदिरापुरम पुलिस ने इन सभी का रिकॉर्ड तैयार किया है। साथ ही जनसभा स्थल और उसके आसपास पूर्व में बनी 400 झुग्गियों के लोगों का भी डाटा बनाया है।
पुलिस खाली फ्लैट को अपने कब्जे में लेगी साथ ही झुग्गियों के लोगों को दोबारा स्थापित नहीं होने दिया जाएगा। इसके अलावा लोगों को हिदायत दी है कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से पहले यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या बाहरी लोग आकर रहते हैं तो उनकी सूचना तत्काल दी जाए। इस तरह पुलिस के रिकॉर्ड में करीब दो हजार लोग हैं, जिन पर सुरक्षा एजेंसियों के अलावा पुलिस की सीधी नजर रहेगी।
स्टेशन के दोनों तरफ दो किलोमीटर दायरे में सत्यापन
लिंक रोड पुलिस साहिबाबाद रैपिडएक्स स्टेशन के दोनों तरफ दो किलोमीटर के दायरे में औद्योगिक इकाइयों के कर्मचारी, प्रबंधन और स्टाफ का सत्यापन कर रही है। जहां-जहां सीसीटीवी कमरे खराब हैं या रिकॉर्डिंग नहीं हो रही है। उन सभी को टीम जांच कर रिकॉर्ड बना रही है। साथ ही उद्यमियों की मदद से उन्हें ठीक कराया जा रहा है। कर्मचारियों का फोन नंबर, आधार कार्ड और फोटो के साथ डेटा बन रहा है।
डीसीपी शुभम पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम में सुरक्षा के सभी इंतजाम किए जा रहे हैं। जनसभा स्थल के चारों तरफ आरडब्ल्यूए, दुकानदार, फ्लैट स्वामी और अन्य लोगों को नोटिस दे रहे हैं। खाली फ्लैट को कार्यक्रम खत्म होने तक अपने कब्जे में रखा जाएगा।