दिलशाद गार्डन से नया बस अड्डा मेट्रो प्रोजेक्ट के सेकेंड फेज के काम में फिर जमीन का पेंच फंस गया है। अर्थला में मेट्रो स्टेशन के लिए सेल्स टैक्स विभाग अपनी जमीन देने को तैयार नहीं है। इस वजह से अर्थला मेट्रो स्टेशन कैंसल हो सकता है। ऐसे में इस रूट पर आठ की बजाय सात स्टेशनों पर ही मेट्रो रुकेगी।
सोमवार को जीडीए वीसी विजय यादव और डीएमआरसी के अधिकारियों में अर्थला मेट्रो स्टेशन को लेकर विचार विमर्श हुआ। डीएमआरसी का कहना था कि अर्थला को छोड़कर बाकी सातों स्टेशनों पर निर्माण कार्य जारी है।
अर्थला में भी एक साइड पर फाउंडेशन का काम हो चुका है। दूसरी साइड पर सेल्स टैक्स विभाग निर्माण की इजाजत नहीं दे रहा है। ऐसे में प्रोजेक्ट लेट हो सकता है। वीसी ने कहा कि इस स्टेशन को कैंसल कर सकते हैं लेकिन प्रोजेक्ट किसी भी कीमत पर लेट नहीं होना चाहिए।
वीसी ने बताया कि हम पिछले एक साल से सेल्स टैक्स विभाग से जमीन मांग रहे हैं। जमीन के बदले पैसा देने को भी राजी हैं लेकिन सेल्स टैक्स विभाग जमीन के बदले एनएच पर जमीन चाहता है जबकि जीडीए के पास एनएच पर जमीन ही नहीं है।
उन्होंने कहा कि ऐसे में अर्थला मेट्रो स्टेशन के कैंसल होने का खतरा पैदा हो गया है। फिर भी अर्थला में स्टेशन बनाने की हम अपनी कोशिश जारी रखेंगे।
सेल्स टैक्स विभाग ने गेंद शासन के पाले में डाली
सेल्स टैक्स विभाग के एडिशनल कमिश्नर एके गुप्ता का कहना है कि जीडीए हमें एनएच के बदले 6000 मीटर जमीन किसी ठीकठाक इलाके में भी दे दे तो हम अर्थला में अपनी जमीन छोड़ने को तैयार हैं।
उन्होंने कहा कि वैसे कमिश्नर ने इस बारे में शासन को अवगत कराया है। हमें शासन के आदेश का इंतजार है। हम अर्थला में स्टेशन बनाने के पक्ष में हैं लेकिन जमीन देने के मामले में शासन के आदेश के अनुरूप ही काम होगा।
अर्थला के लोगों को होगी दिक्कत
अर्थला में अगर स्टेशन कैंसल हो जाता है तो यहां के लोगों को नया बस अड्डा या मोहन नगर से मेट्रो मिलेेगी। ये दोनों जगह अर्थला से दूर हैं।
मेट्रो के कुल स्टेशन
शहीद नगर, राजबाग, राजेंद्र नगर, श्याम पार्क, मोहन नगर, अर्थला, राजनगर एक्सटेंशन और नया बस अड्डा।