विधानसभा चुनाव 2017 की तैयारियां अब प्रशासनिक स्तर पर भी शुरू हो चुकी हैं। डीएम ने जनपद के सभी मतदान केंद्रों की निरीक्षण रिपोर्ट दो दिनों के अंदर देने के आदेश अधिकारियों को दिए हैं। ऐसे लोगों को भी चिह्नित करने के आदेश दिए गए हैं, जिन्होंने पिछले चुनाव में गड़बड़ी या हिंसा की थी।
बृहस्पतिवार को लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट और सेक्टर पुलिस अधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित हुआ। इसमें डीएम निधि केसरवानी ने निर्देश दिए कि हर हाल में 24 सितंबर तक अधिकारी सभी मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर पूरी रिपोर्ट तहसील में जमा करें।
डीएम ने कहा कि सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने निरीक्षण में जनपद के 2490 मतदेय स्थलों पर मूलभूत सुविधाओं जैसे पेयजल, विद्युत, भवन की वर्तमान स्थिति, मतदान केंद्र तक जाने वाली सड़क की स्थिति, महिला पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय, उपलब्ध फर्र्नीचर आदि की व्यवस्था का विशेष तौर पर निरीक्षण करें।
एसएसपी केएस इमेनुएल ने सेक्टर मजिस्ट्रेट और सेक्टर पुलिस अफसर से संयुक्त रूप से मतदान केंद्रों का भ्रमण करने के लिए कहा। एडीएम प्रशासन ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि पिछले चुनाव में किसी भी तरह की गड़बड़ी करने वालों को चिह्नित कर उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी।
एडीएम वित्त एवं राजस्व राजेश कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी पुलिस, थाना अध्यक्ष, सभी उप जिला अधिकारी, सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट सेक्टर पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।
मतदान केंद्रों के साथ गांवों का भी करना होगा निरीक्षण
डीएम ने सेक्टर मजिस्ट्रेट से कहा कि वह सेक्टर भ्रमण के दौरान उस इलाके के गांवों का भी भ्रमण करें। मतदाताओं से बात कर स्थानीय संवेदनशीलता के बारे में जानकारी जुटाएं। क्षेत्र में जातीय व धार्मिक स्थिति का भी आकलन करें।
मुख्य चुनाव अधिकारी को दी जाएगी जानकारी
मुख्य चुनाव आयुक्त डा. नसीम जैदी 25 सितंबर को अपने तीन दिवसीय दौरे पर लखनऊ आ रहे हैं। इस दौरान वे डीएम व एसएसपी से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए चुनाव की तैयारियों पर चर्चा करेंगे। 24 सितंबर तक जुटाई जाने वाली चुनावी जानकारियों से उन्हें अवगत कराया जाएगा।