बार एसोसिएशन में अध्यक्ष समेत विभिन्न पदों के लिए चुनावी बिगुल बज चुका है। मतदान की तारीख 24 मार्च निर्धारित की गई है। इसी के चलते बुधवार को बार सभागार परिसर में मतदाता अधिवक्ताओं की सूची चस्पा कर दी गई। सूची में 2854 अधिवक्ताओं के नाम हैं। अब इस सूची पर आपत्ति मांगी गई है।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश त्यागी कैली ने बताया कि उन अधिवक्ताओं की सूची बार सभागार के बाहर चिपका दी गई है, जोकि इस चुनाव में मतदान करेंगे। सूची पर 15 मार्च तक आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। 16 मार्च को फाइनल सूची चिपकाई जाएगी।
16 और 17 मार्च को विभिन्न पदों के लिए नामांकन स्वीकार किए जाएंगे। इसके बाद 20 मार्च को अपरान्ह 4 बजे नाम वापसी के बाद प्रत्याशियों की सूची नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दी जाएगी।
बार अध्यक्ष ने बताया कि 24 मार्च को विभिन्न पदों के लिए सुबह साढे़ आठ बजे से मतदान शुरू होगा जोकि अपरान्ह 4 बजे तक चलेगा। मतदान खत्म होने के आधा घंटे बाद ही मतगणना शुरू कर दी जाएगी और रात में ही परिणाम भी घोषित कर दिया जाएगा।