आयकर विभाग की टीमों ने बुधवार को शहर में कई जगह सर्वे अभियान चलाया। यह अभियान अनाज मंडी स्थित अरोड़ा मेडिकल एजेंसी, मेरठ रोड और भोपुरा स्थित पेट्रोल पंप और एक लोहा व्यापारी के यहां चला।
इस दौरान टीम ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जब्त दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। आयकर विभाग की कई टीमों ने बुधवार को एक साथ कई जगहों पर सर्वे किया।
अधिकारियों के मुताबिक नोटबंदी के दौरान व्यापारियों और पंप डीलरों ने कारोबार के बाद जो रिटर्न दाखिल किया, उसमें काफी अंतर है। इसके बाद विभाग ने आनलाइन नोटिस जारी किया। संबंधित व्यापारी नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।
वह यह नहीं बता सके कि जो आय बढ़ी, उसका स्रोत क्या था और कहां से मिला। इसके बाद विभाग ने टीम बनाकर दिए गए नोटिस के आधार पर सर्वे अभियान शुरू किया। बुधवार को अनाज मंडी स्थित अरोड़ा मेडिकल एजेंसी, मेरठ रोड व भोपुरा स्थित पेट्रोल पंप और एक लोहा व्यापारी के यहां कार्रवाई हुई।
अनाज मंडी में टीम सुबह करीब 11 बजे पहुंची और कई घंटे रुककर जांच पड़ताल की। इस दौरान काफी संख्या में दवा कारोबारी भी यहां पहुंच गए और उन्हाेंने कार्रवाई का विरोध भी किया, पर अधिकारियों के आश्वस्त करने पर वह चले गए।
अधिकारियों का कहना है कि विभाग दिए गए हर नोटिस की बारीकी से जांच करेगा। करीब 500 से ज्यादा नोटिस जारी किए गए हैं।