गाजियाबाद। उपचुनाव को लेकर सदर विधानसभा सीट के इलाके में आचार संहिता लागू है। इसको देखते हुए विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक पोस्टर-बैनर लगाने पर मनाही है लेकिन शहर में कई स्थानों पर लगे बैनर-पोस्टर आदर्श आचार संहिता को मुंह चिढ़ा कर रहे हैं। राजनीतिक दलों के पोस्टर, बैनर व होर्डिंग को लगाने के लिए सरकारी संपत्तियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। सार्वजनिक स्थलों पर विभिन्न योजनाओं की प्रचार सामग्री व राजनीतिक गतिविधियों से संबंधित विज्ञापन आदर्श आचार संहिता को ठेंगा दिखा रहे हैं।
सार्वजनिक स्थानों से राजनीतिक दलों की प्रचार-प्रसार सामग्री हटाई जानी चाहिए। बावजूद इसके शहर के विजय नगर, प्रताप विहार, भीमनगर, डूडाहेड़ा, सुदामापुरी, तिगड़ी, गोल चक्कर, अकबरपुर-बहरामपुर समेत अन्य स्थानों सड़कों के डिवाइडर पर लगे बिजली के पोल पर अवैध रूप से राजनीतिक विज्ञापन लगे हुए हैं। इसके साथ ही निजी संपत्तियों पर बैनर-होर्डिंग व पोस्टर लगा दिए गए हैं। स्थान बताने वाले साइन बोर्डों को भी राजनीतिक दलों के स्थानीय नेताओं ने नहीं छोड़ा है। सार्वजनिक स्थानों पर सरकार की विभिन्न योजनाओं की पीएम-सीएम की फोटो वाली प्रचार सामग्री भी लगी हुई हैं। अवैध विज्ञापन हटवाने के लिए नगर निगम के प्रवर्तन शाखा को जिम्मेदारी सौंपी गई है। बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं होने से इनपर कोई असर नहीं हो रहा है।