दया शुगर पर चीनी के स्टॉक में हेराफेरी कर बैंकों से अधिक कैश क्रेडिट लेने का आरोप
22 लोग और एक कंपनी आरोपी
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। सहारनपुर की दया शुगर से जुड़े 52.53 करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी मामले में बुधवार को विशेष सीबीआई अदालत में सुनवाई नहीं हो सकी। पीठासीन अधिकारी भारत सिंह यादव के अवकाश पर होने के कारण सबद्ध अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 20 नवंबर की तारीख निर्धारित की है। मामले में सीबीआई ने कंपनी के निदेशकों समेत 22 लोगों और एक कंपनी को आरोपी बनाया है।
सीबीआई के अनुसार, मामला इंडियन ओवरसीज बैंक सहित तीन बैंकों के समूह से जुड़ा है। सहारनपुर में मैसर्स दया इंजीनियरिंग वर्क्स स्लीपर लिमिटेड की इकाई मैसर्स दया शुगर ने गन्ना किसानों को भुगतान करने के लिए बैंकों से कैश क्रेडिट की सुविधा ली थी। वर्ष 2000-01 में कंपनी की कैश क्रेडिट सीमा 18 करोड़ रुपये थी। बाद में वर्ष 2009 में इसे बढ़ाकर 47 करोड़ रुपये कर दिया गया।
जांच में आरोप लगाया गया कि कंपनी ने बैंक से अधिक ऋण सुविधा हासिल करने के लिए चीनी के वास्तविक स्टॉक से ज्यादा बैग दर्शाए। बैंक को उपलब्ध कराए गए स्टॉक के आंकड़ों में वास्तविकता से अधिक चीनी होने की जानकारी दी गई। आरोप है कि बैंक अधिकारियों ने भी मासिक और संयुक्त निरीक्षण रिपोर्ट में चीनी के बैग की संख्या बढ़ाकर दर्ज की। इसी आधार पर कंपनी को निर्धारित पात्रता से अधिक कैश क्रेडिट की सुविधा मिलती रही। इससे बैंक समूह को करीब 52.53 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
सीबीआई ने जांच में इंडियन ओवरसीज बैंक, पंजाब नेशनल बैंक और ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स के अधिकारियों की भूमिका भी चिह्नित की थी। एजेंसी ने कंपनी के निदेशकों और बैंक अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक षड्यंत्र तथा पद के दुरुपयोग के आरोप में मामला दर्ज किया। आरोपपत्र में वीके भाटिया, नरेंद्र कुमार विज, चरन लाल, सुनील कुमार गोयल, ईश सुखुजा, एचडी बब्बर, सैफाली मंडल, दृष्टि श्रीवास्तव, कश्मीर सिंह, धर्मेंद्र कुमार शर्मा, रमेश कुमार झा, चंपकेश्वर प्रधान, धीरेंद्र अग्रवाल, ऐश्वर्या अग्रवाल, विजय अग्रवाल और अताउर्र रहमान समेत अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है। मामले में मैसर्स दया इंजीनियरिंग वर्क्स स्लीपर लिमिटेड भी आरोपी है।