गढ़मुक्तेश्वर। गांव खिलवाई के जंगल में बुधवार देर रात कई पशुओं के अवशेष मिलने से क्षेत्र में आक्रोश पनप गया। ग्रामीणों ने खेत में गोकशी किए जाने का आरोप लगाया है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी।
घटना की सूचना पर बजरंग दल के जिला सहसंयोजक लोकेंद्र राणा समेत हिंदू संगठन और गौ रक्षा दल के कार्यकर्ता भी खिलवाई के जंगल में पहुंच गए। कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने घटनास्थल पर पहुंचकर देखा, जहां पर भारी मात्रा में पशु अवशेष दिखाई दिए, तो सभी आक्रोशित हो उठे। बजरंगदल, गौ रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने हंगामा करते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि अज्ञात लोगों ने खेत में पशुओं को काटने के बाद अवशेषों को जंगल में फेंक दिया। ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए क्षेत्र के सुनसान इलाकों और जंगलों में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मिले पशु अवशेषों को कब्जे में लिया। जिन्हें जंगल में ही गड्ढा खोदवाकर दबवा दिया गया। पुलिस अवशेषों की पहचान और घटना की वास्तविक स्थिति की जांच कर रही है।
इस दौरान निशांत बजरंगी, अवनीश, विशाल वर्मा, राहुल अग्रवाल, रोहित अग्रवाल, वीर निषाद, अभिषेक गुर्जर, वंश और अंकुश समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सीओ राहुल यादव का कहना है कि संबंधित मामले में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।