गाजियाबाद। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) मेरठ ने विश्वविद्यालय परिसर एवं संबद्ध महाविद्यालयों में संचालित स्नातक ऑनर्स पाठ्यक्रमों की स्थगित परीक्षाओं के लिए संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार 28 मई, तीन जून और चार जून को प्रस्तावित परीक्षाओं को नई तिथियों पर आयोजित किया जाएगा।नए परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार 28 मई को बकरीद के चलते स्थगित हुई परीक्षा अब 22 जून को होगी। वहीं, चार जून की परीक्षा 16 जून और तीन जून की परीक्षा 17 जून को कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त नौ मई को निर्धारित एमबीए (न्यू) की डिजिटल मार्केटिंग की परीक्षा अब 11 जून को आयोजित होगी।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी की गई अधिसूचना के अनुसार गाजियाबाद के सभी महाविद्यालयों और संबंधित विभागों को संशोधित कार्यक्रम के अनुसार आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा नियंत्रक कार्यालय की ओर से जारी इस सूचना के बाद विद्यार्थियों को नई परीक्षा तिथियों के अनुसार तैयारी करने की सलाह दी गई है।