साहिबाबाद। लोनी-भोपुरा रोड पर एक खेत में शुक्रवार को झाड़ियों के बीच नीम के पेड़ पर ऑटो चालक का शव लटका मिला। पुलिस ने शव को करीब एक सप्ताह पुराना बताया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मृतक के परिजनों ने 13 सितंबर को उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
श्रीराम कॉलोनी निवासी विनय कुमार ने बताया कि उनके पिता नरेश कुमार (50) ऑटो चलाते थे। 12 सितंबर की दोपहर करीब 12 बजे वह घर से निकले थे। इसके बाद वापस नहीं आए। काफी तलाश करने के बाद भी उनका पता नहीं चला तो 13 सितंबर को टीला मोड़ थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे पुलिस को सूचना मिली कि झाड़ियों के बीच नीम के पेड़ पर एक व्यक्ति का शव लटका हुआ है। एसीपी ने बताया कि खेत मालिक राजेश ने जुताई करने के लिए पहुंचे तो शव लटका देखा। शव कई दिन पुराना होने के कारण काला और सड़ी-गली स्थिति में आ गया था। एसीपी ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से हत्या की आशंका जताई गई है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल सकेगा। पुलिस अन्य परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।
-
पिता की चप्पल और हाथ के कलावे से बच्चों ने की पहचान
शव के सड़ा-गला होने के कारण पुलिस को शव की शिनाख्त करने में दिक्कत हुई तो उन्हें अंदेशा हुआ कि ये शव थाने में दर्ज नरेश कुमार की गुमशुदगी से जुड़ा हो सकता है। इसके बाद उन्होंने नरेश के परिजनों से संपर्क किया, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर पिता की चप्पल और हाथ में कलावा बंधा देखकर पहचान की। इसके बाद बेटे ने पिता की जेब से निकले कीपैड मोबाइल से भी पिता के बारे में जानकारी पुलिस को दी।
-