गाजियाबाद। विजयनगर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम दो बच्चियों के अपहरण की सूचना से हड़कंप मच गया। एसीपी नगर कोतवाली और विजयनगर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने पड़ोसी ऑटो चालक पर दोनों बच्चियों को ऑटो में बैठाकर ले जाने का आरोप लगाया। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर तलाश शुरू की और करीब पांच घंटे बाद सम्राट चौक से दोनों बच्चियों को सकुशल बरामद कर लिया। आरोपी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
एसीपी नगर कोतवाली उपासना पांडेय ने बताया कि मिर्जापुर निवासी एक व्यक्ति ने सूचना दी कि उसकी चार वर्षीय बेटी और पड़ोस में रहने वाली उसकी बहन की साढ़े तीन वर्षीय बेटी को पड़ोस में रहने वाला ऑटो चालक शाम करीब चार बजे अपने साथ ले गया। शाम करीब छह बजे परिजनों ने चालक को फोन किया तो उसने बच्चियों के अपने पास होने से इन्कार कर दिया। इसके बाद परिजनों ने डायल-112 पर कॉल कर दोनों बच्चियों के अपहरण की सूचना दी।
एसीपी उपासना पांडेय और विजयनगर थाना प्रभारी धर्मपाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों से जानकारी लेने के बाद ऑटो नंबर और चालक के मोबाइल फोन नंबर के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस की। घेराबंदी के दौरान आरोपी चालक रिजवान उर्फ मलिंगा सम्राट चौक पर दोनों बच्चियों के साथ मिला।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में चालक बच्चियों को अपने साथ ले जाने के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। फिलहाल दोनों बच्चियों को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। एसीपी ने बताया कि चालक से पूछताछ की जा रही है और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।