मोदीनगर। नगर की एक कॉलोनी में आठ वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक मंगलवार देर रात घर में घुस गया और आंगन में सो रही बच्ची से अश्लील हरकत करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। बच्ची के शोर मचाने पर आरोपी ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और गला दबाने का भी प्रयास किया। परिजनों के जागने पर वह जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पीड़ित बच्ची कक्षा दो की छात्रा है। परिजनों के अनुसार, परिवार घर के आंगन में सो रहा था। घर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ था। इसी दौरान आरोपी आशु घर में घुस आया। आरोप है कि उसने बच्ची से अश्लील हरकतें कीं, उससे दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी ने बच्ची के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। गला दबाकर उसकी हत्या करने की भी कोशिश की।
बच्ची की चीख-पुकार सुनकर माता-पिता की नींद खुल गई। उन्हें आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देता हुआ मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। घटना के बाद से बच्ची और उसका परिवार सदमे में है। परिजनों का कहना है कि बच्ची बेहद डरी हुई है, वह खाना भी नहीं खा रही।
सहायक पुलिस आयुक्त मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।