मुरादनगर। बसंतपुर सैंथली गांव के पास स्कूल बस में घुसकर युवक ने चाकू से चालक पर हमला करने की कोशिश की। आरोपी ने बस में चाकू लहराकर बच्चों को डरा धमकाकर आतंकित किया।
रावली रोड पर न्यू लाइफ अस्पताल के पास रहने वाला सोनू जलालाबाद गांव स्थित बाबा पब्लिक स्कूल की बस चलाता है। बुधवार दोपहर वह बसंतपुर सैंथली गांव के स्टॉप पर बच्चों को उतार रहा था, उसका बेटा बस में रह गया था। इसी बीच एक युवक हाथ में चाकू लेकर बस में घुस आया। सोनू का आरोप है कि युवक ने चाकू से उस पर जानलेवा हमला करने की कोशिश की। किसी तरह उसने बस से कूदकर अपनी जान बचाई। एक बच्चा डरकर सीट के नीचे बैठ गया। आरोप है कि युवक ने बस में चाकू लहराकर बच्चे को डरा दिया। शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। लोगों ने युवक का नाम अश्वनी बताया। चालक ने वारदात की जानकारी स्कूल प्रबंधक को दी। एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि बस चालक की तहरीर पर अश्वनी नामक युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।