साहिबाबाद। साहिबाबाद थानाक्षेत्र में नौ नवंबर को निर्माण कार्य दूसरे ठेकेदार को देने से नाराज पिता-पुत्र पर कुल्हाड़ी से फैक्टरी संचालक पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगा है। हमले में संचालक के सिर पर गंभीर चोट आई और गर्दन की हड्डी टूट गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गौतमबुद्धनगर के गिरधरपुर छपरौला स्थित न्यू मॉडर्न रेलवे कॉलोनी निवासी सोनू कुमार चौहान की राजेंद्र नगर में फैक्टरी है। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि फैक्टरी में निर्माण कार्य चल रहा है। पहले यह काम कमल और उसके पिता प्यारे लाल को दिया गया था, लेकिन सात नवंबर को काम को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद उन्होंने काम दूसरे ठेकेदार को दे दिया। आरोप है कि नौ नवंबर की शाम करीब पांच बजे सोनू फैक्टरी पहुंचे तो कमल और प्यारे लाल वहां पहले से मौजूद थे। दोनों ने उन्हें देखते ही कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। कई वार होने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की तलाश की जा रही है।