अहिंसा खंड-1 स्थित एटीएस सोसायटी में रविवार रात 11वीं मंजिल से गिरकर एक नौकरानी की मौत हो गई। कुछ गिरने की आवाज सुनकर जब लोग मौके पर पहुंचे तो नौकरानी को लहूलुहान हालत में देखा और तुरंत पुलिस को मामले की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस नौकरानी को पास के अस्पताल में ले गई, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को शक है कि नौकरानी घर से भागने की कोशिश में बालकनी से गिरी है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।एटीएस सोसायटी के टावर संख्या-11 के फ्लैट संख्या 1102 में अमर सिंह परिवार के साथ रहते हैं।
पुलिस के अनुसार उन्होंने बीते 28 अगस्त को दिल्ली की एक प्लेसमेंट एजेंसी की मदद सेे ममता बगबार (18) को अपने फ्लैट में मेड (नौकरानी) के रूप में रखा था। रविवार रात को अमर और उनका परिवार घर में ही था तभी टावर के नीचे कुछ गिरने की आवाज आई। इसके बाद लोग मौके पर पहुंचे तो ममता लहूलुहान अवस्था में पड़ी थी।
लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस उसे पास के निजी अस्पताल में ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जहां ममता गिरी हुई मिली वहां से पुलिस को एक बैग भी बरामद हुआ। जांच की जा रही है कि बैग ममता का था या किसी और का। एसएचओ इंदिरापुरम गोरखनाथ यादव ने बताया कि ममता मूलरूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली है।
प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से उसके परिजनों को सूचना देकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
‘भागने का प्रयास कर रही थी ममता’
एसएचओ इंदिरापुरम ने बताया कि ममता के पास से बरामद बैग में मामूली सामान मिला है। शुरुआती जांच में लग रहा है कि ममता बालकनी के रास्ते सीढ़ियों तक पहुंचने और वहां से भागने की फिराक में थी। इस दौरान वह नीचे गिर गई। हालांकि जांच पूरी होने के बाद ही मौत की असल वजह पता चल सकेगी। पूर्व में ऐसे मामले आ चुके हैं कि प्लेसमेंट एजेंसी को पूरी पेमेंट के बाद मेड भी भाग गईं।
आदित्य मेगा सोसायटी में भी कुछ दिन हुई थी छात्र की मौत
कुछ दिन पहले आदित्य मेगा सिटी सोसायटी में भी संदिग्ध परिस्थितियों में बिल्डिंग से गिरकर 11वीं के छात्र वरुण की मौत हो गई थी। इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट जहां सुसाइड की ओर इशारा कर रही है, वहीं परिजनों का कहना है कि उनके बेटे वरुण की हत्या की गई है।