रेलवे स्टेशन पर पांच दिन पहले शुरू हुए वाटर एटीएम से भी पानी ब्लैक किया जाने लगा है। रविवार दोपहर यहां पहले तो ठंडा पानी खत्म हो जाने पर लोगों ने विरोध किया और फिर रात को ओवर रेटिंग पर हंगामा हो गया। यात्रियों का आरोप है कि वाटर एटीएम से पानी की बोतल खरीदने पर दो रुपये ज्यादा चार्ज किया जा रहा है।
बंटी भाटी नाम का युवक रात करीब 10 बजे वाटर एटीएम पर एक लीटर पानी लेने पहुंचा तो यहां तैनात कर्मचारी ने 8 रुपये की बजाय 10 रुपये लिए। बंटी ने बताया कि दो रुपये वापस मांगे तो कर्मचारी ने देने से इंकार कर दिया और बोला कि पानी 10 रुपये में ही मिलेगा।
इससे पहले दोपहर को वाटर एटीएम पर ठंडा पानी खत्म हो गया। इसके चलते लोगों को अन्य वेंडरों से महंगा पानी खरीदना पड़ रहा है। यात्रियों का आरोप है कि वेंडरों से सांठगांठ कर वाटर एटीएम पर जानबूझकर ठंडा पानी नहीं रखा जा रहा।