साहिबाबाद। शहर के एक्यूआई में बीते चौबीस घंटे के अंतराल में 44 अंकों की कमी दर्ज की गई लेकिन हवा अभी भी खराब स्थिति में बनी हुई है। रविवार शाम चार बजे पीसीबी के समीर एप पर जारी बुलेटिन में गाजियाबाद का एकयूआई 272 दर्ज किया गया। गाजियाबाद रविवार को देश के सर्वाधिक प्रदूषित शहरों में चौथे पायदान पर रहा। देश के सबसे प्रदूषित शहरों में सिंगरौली 349 पहले, बागपत 287 दूसरे व रोहतक 285 तीसरे स्थान पर रहा।
बीते एक सप्ताह से शहर के लोग बढ़े हुए एक्यूआई में सांस लेने को मजबूर हैं। पिछले पांच दिनों से हर दिन एक्यूआई में बढ़ोत्तरी हो रही थी, रविवार को कुछ अंकों की कमी दर्ज की गई। खराब वायु गुणवत्ता सूचकांक की वजह से लोगों की परेशानी बढ़ रही है। सांस के मरीज हो या बच्चे व बजुर्गों में परेशानी बढ़ रही है। दूसरी ओर शहर में कूड़े में आग लगाए जाने का सिलसिला जारी है। रविवार को भी तुलसी निकेतन में किसी ने कूड़े में आग लगा दी जो दिन भर सुलगता रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कूड़े में आग लगाने की शिकायत भी अब बेअसर है। लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद कोई अधिकारी इसकी जांच नहीं करा पा रहे हैं कि कूड़े में आग कौन लगा रहा है। आग की वजह से क्षेत्र में धुआं उठता रहा, बाद में स्थानीय जागरूक लोगों ने ही पानी डालकर आग को बुझाया।
इनसेट
स्टेशनों का एक्यूआई
इंदिरापुरम-240
लोनी-347
संजयनगर-232
वसुंधरा-270