प्रदेश में बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) 22 अप्रैल को आयोजित होगी। परीक्षा के आयोजक लखनऊ विश्वविद्यालय ने गाजियाबाद में प्रवेश परीक्षा के लिए 15 शहरों के 593 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। गाजियाबाद में बनाए गए 22 परीक्षा केंद्रों पर 11354 अभ्यर्थी परीक्षा में बैठेंगे। लखनऊ विश्वविद्यालय ने गाजियाबाद में परीक्षा कराने के लिए दीपचंद्र और एमएमएच कॉलेज के प्रिंसिपल कमलवीर त्यागी को नोडल अधिकारी बनाया है।
दो वर्षीय बीएड कोर्स पाठ्यक्रम के लिए शासन स्तर से प्रवेश परीक्षा कराई जाती है। प्रवेश परीक्षा के राज्य समन्वयक प्रो. वाईके शर्मा के मुताबिक सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर प्रवेश परीक्षा 22 अप्रैल को होगी। इसके लिए आगरा, अलीगढ़, मेरठ, गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, कानपुर, इलाहाबाद, जौनपुर, झांसी, गोरखपुर, फैजाबाद, आजमगढ़ और वाराणसी में कुल 593 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन परीक्षा केंद्रों पर करीब एक लाख से ज्यादा परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
गाजियाबाद में ही 11354 परीक्षार्थी परीक्षा देनेे के लिए आएंगे। परीक्षा को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर भी पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। जिला प्रशासन द्वारा एक अधिकारी नामित किया जाएगा, जो परीक्षा पर नजर रखेगा। साथ ही प्रत्येक केंद्र से एक अधिकृत व्यक्ति ही ट्रेजरी से प्रश्नपत्र लेकर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाएगा। प्रवेश परीक्षा में जो स्टूडेंट्स पास होंगे वह काउंसलिंग के माध्यम से बीएड कॉलेजों में एडमिशन लेंगे। काउंसलिंग की डेट बाद में घोषित की जाएगी।