गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से 10वीं में इंप्रूवमेंट व कंपार्टमेंट और 12वीं कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन करने के लिए 27 जून तक का समय दिया गया है। जिले में अनुत्तीर्ण हुए कुल 5044 विद्यार्थी इसके लिए आवेदन कर सकेंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक बीपी सिंह ने बताया कि इसमें आवेदन करने के लिए 10वीं और 12वीं के लिए अलग-अलग नियम हैं। 10वीं के विद्यार्थी अपने अनुत्तीर्ण हुए एक विषय में और कंपार्टमेंट परीक्षा के तहत अपने अनुत्तीर्ण हुए दो विषयों में से केवल किसी एक विषय में ही परीक्षा में सम्मिलित हो सकेंगे। इसके लिए 256 रुपये आवेदन के दौरान अदा करने होंगे। वहीं 12वीं में कंपार्टमेंट परीक्षा की ही सिर्फ व्यवस्था है। इसमें इंप्रूवमेंट परीक्षा जैसी कोई व्यवस्था नहीं है। अनुत्तीर्ण विषयों में से किसी एक में ही कंपार्टमेंट परीक्षा देने के लिए पात्र होंगे। इसके लिए 306 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। तीन दिन के भीतर ही परिषद के संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय में डाक के माध्यम से आवेदन की प्रति जमा कराना अनिवार्य है।