लोनी। बिजली कटौती से परेशान बलराज नगर कॉलोनी के लोगों ने मंगलवार को दिल्ली-सहारनपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। गुस्साए लोगों के सड़क पर बैठने की सूचना पर पुलिस और बिजली अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आश्वासन दिया तो लोग आधे घंटे बाद शांत होकर वापस चले गए। लोगों को कई दिनों से बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है।
बॉर्डर थाना क्षेत्र के बलराज नगर कॉलोनी, रघुवीर नगर और जवाहर नगर कॉलोनी में बड़ी संख्या में आबादी है। निवासियों का आरोप है कि कुछ दिनों से अघोषित बिजली कटौती से परेशान हैं। बिजली कटौती को लेकर अधिकारियों को फोन करते हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती है। इसके बाद मामले की शिकायत लोगों ने सोशल मीडिया से की, लेकिन फिर भी सुनवाई नहीं हुई। कई लोग बिजली घर पर गए और बिजली को दुरुस्त करने की मांग। सुनवाई नहीं होने से परेशान लोग मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे दिल्ली-सहारनपुर रोड पर कॉलोनी के सामने रोड जाम कर दिया। आधा घंटे जाम से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
रोड जाम की सूचना पर वार्ड सभासद मिंकू जैन और बिजली निगम के अवर अभियंता व लोनी बार्डर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया। अधिशासी अभियंता रूप नगर सचिन कुमार ने बताया कि कर्मचारी शाम छह बजे ट्रांसफार्मर लेकर गाजियाबाद से लोनी के लिए निकल चुके हैं। देर रात तक कॉलोनी की विद्युत आपूर्ति सुचारू करा दी जाएगी। अधिकारियों ने लोगों को बताया कि बलराज नगर कॉलोनी के सामने निर्माणाधीन नाले के पास मशीन से बिजली का केबल क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर पहुंचे निगम के कर्मचारियों ने करीब डेढ़ घंटे में फाल्ट सही कर आपूर्ति सुचारू कराई।