बैंक के एटीएम के सामने लगी भीड़़
- फोटो : अमर उजाला
मसूरी। मंगलवार को बैंक से रुपये न मिलने से परेशान लोगों ने मसूरी थाना क्षेत्र में एच-24 पर दो जगह जाम लगा कर हंगामा किया। बाद में पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाकर शांत किया। मसूरी थाना क्षेत्र में सिंडीकेट बैंक मंगलवार को एक सप्ताह के बाद खुला तो सुबह पांच बजे से ही लोगों की लाइन लग गई।
सुबह करीब 10 बजे ही बैंक कर्मचारियों ने लोगों से कहा कि बैंक में कैश खत्म हो गया है। इससे नाराज लोगों ने हापुड़ से गाजियाबाद जाने वाले रोड पर जाम लगा दिया और हंगामा करने लगे। उधर, डासना में पीएनबी बैंक की लाइन में लगे महिला और पुरुष आपस में भिड़ गए।
इसके बाद लोगों ने एनएच-24 पर हंगामा कर जाम लगा दिया। हंगामे की सूचना के बाद एएसपी आशीष श्रीवास्तव और मसूरी एसएचओ दिनेश यादव ने मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाकर सड़क से हटाया।
एएसपी ने बताया कि झगड़ा बैंक में ज्यादा महिलाओं को भेजने को लेकर हुआ था। वहीं, कैश न मिलने से नाराज लोगों ने मसूरी में कुछ देर के लिए जाम लगा दिया था। जिसे सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने कुछ देर बाद ही लोगों को समझाकर जाम खुलवा दिया। हालांकि हल्ला मचा था कि पुलिस ने जाम खुलवाने के लिए लाठियां फटकारीं लेकिन पुलिसकर्मियों ने लाठियां फटकारने से इंकार किया है।