गाजियाबाद। सिहानी गेट क्षेत्र स्थित रॉयल किंग होटल के एक कमरे में मृत मिली आरती (34) की जान बेरहमी से पीटने से गई। आरोप महिला के प्रेमी नंदग्राम के सेवानगर निवासी प्रवीन पर है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को शादी से इन्कार करने पर प्रेमिका का थप्पड़ मारना इतना नागवार गुजरा कि उसे क्रूरता से पीट दिया।
एसीपी नंदग्राम उपासना पांडे के अनुसार, आरोपी से पूछताछ में सामने आया कि शनिवार रात होटल के एक कमरे में उसने और आरती ने साथ में शराब पी। इसके बाद उनका विवाद हो गया। इस दौरान आरोपी ने महिला पर लात-घूसों और कोहनी से तब तक प्रहार किए, जब तक उसने चीखना बंद नहीं कर दिया।
इसके बाद वह नशे की हालत में वहीं सो गया। रविवार सुबह जब आरती के शरीर में कोई हलचल नहीं हुई, तब उसने पुलिस को सूचना दी।
पिटाई से फट गए फेफड़े और लिवर :
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आरती के फेफड़े और लिवर फटने को मौत का कारण दर्शाया गया है। इसके अलावा महिला की पसलियों में कई फ्रैक्चर होने की भी पुष्टि हुई है।
दो वर्ष पहले हो चुकी पति की मौत : एसीपी ने बताया कि आरती की शादी रविंद्र कुमार निवासी कोटगांव से हुई थी। उनके दो बेटे हैं। दो वर्ष पूर्व बीमारी के चलते रविंद्र की मौत हो गई। इसके बाद आरती को नशे की लत लग गई। इसके चलते रविंद्र के परिजनों ने उसे घर से निकाल दिया था।
आरती का खर्च आरोपी प्रवीन ही चलाता था। 10 जनवरी की शाम दोनों होटल पहुंचे और शराब पी। इसके बाद पूरी घटना हुई।